
मुंबई। मुंबई के कुर्ला इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच हुए दर्दनाक लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा चिराग नगर स्थित गौसिया चाल में सुबह करीब 3:48 बजे हुआ, जहां मिट्टी और मलबा खिसकने से कई रिहायशी शेड दब गए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों तक मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलता रहा। अधिकारियों के अनुसार हादसे में कुल 10 लोग प्रभावित हुए। कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती घायलों की पहचान सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई है। वहीं राजावाड़ी अस्पताल में मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काज़ी (19), एक अज्ञात 45 वर्षीय व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) को मृत घोषित किया गया। इस दुखद घटना के बाद मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। महापौर ने घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकने, एल वार्ड के प्रभारी सहायक आयुक्त अनिल जाधव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लैंडस्लाइड का कारण लगातार हो रही भारी बारिश सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस, बीएमसी, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबा पूरी तरह हटाने और किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान पहाड़ी ढलानों और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

