
मुंबई। हीरानंदानी ग्रुप के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIAL) से हाल ही में अपनी उड़ान का अनुभव फेसबुक पर साझा किया। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का वास्तविक महत्व आने वाले समय में और अधिक स्पष्ट होगा।डॉ. हीरानंदानी ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि जब बड़े स्तर पर कनेक्टिविटी बेहतर होती है तो उसके साथ आर्थिक विकास भी स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ता है। बेहतर कनेक्टिविटी से कारोबार के संचालन में आसानी होती है, लोगों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होती है और हवाई अड्डे के आसपास नए वाणिज्यिक एवं आवासीय केंद्र विकसित होने लगते हैं।उन्होंने कहा कि ‘मुंबई 3.0’ की व्यापक विकास यात्रा में NMIAL एक महत्वपूर्ण कड़ी है। नवी मुंबई और पनवेल पहले से ही मजबूत विकास केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। आने वाले समय में हवाई अड्डे का लाभ ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, पुणे, अलीबाग और आसपास के अन्य शहरों तक भी पहुंचने की उम्मीद है।डॉ. हीरानंदानी ने अपने अनुभव के आधार पर कहा कि आने वाले वर्षों में लोग नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शुरू होने को मुंबई महानगर क्षेत्र और देश के आर्थिक भूगोल को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में से एक के रूप में देख सकते हैं।

