HomeCrimeमुंबई एटीएस ने बड़े ड्रग्स नेटवर्क को किया ध्वस्त: 9.4 करोड़ की...

मुंबई एटीएस ने बड़े ड्रग्स नेटवर्क को किया ध्वस्त: 9.4 करोड़ की क्रिस्टल मेथ बरामद, ग्रेटर नोएडा में चल रही थी गुप्त फैक्ट्री

मुंबई। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने एक बड़े अंतरराज्यीय सिंथेटिक ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए करीब 9.4 करोड़ रुपये मूल्य की 4.718 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) जब्त की है। इस कार्रवाई की शुरुआत मुंबई में हुई बरामदगी से हुई, जिसके बाद जांच टीम उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित एक गुप्त ड्रग निर्माण इकाई तक पहुंच गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विदेशी महिलाओं को सह-आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
बांद्रा में जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा
एटीएस की कालाचौकी यूनिट को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बांद्रा पूर्व स्थित एम्बर होटल के पास बड़ी मात्रा में मेथामफेटामाइन की खेप बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर जाल बिछाया और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2.05 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ से खुला ग्रेटर नोएडा का राज
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में एटीएस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे पता चला कि बरामद ड्रग्स उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित एक गुप्त निर्माण इकाई में तैयार की जा रही थीं। इसके बाद एटीएस की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। छापे के दौरान वहां से 2.668 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 5.4 करोड़ रुपये आंकी गई है। मौके से ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
कुल 4.718 किलो ड्रग्स जब्त
मुंबई से बरामद 2.05 किलोग्राम और ग्रेटर नोएडा से बरामद 2.668 किलोग्राम मेथामफेटामाइन को मिलाकर ATS ने कुल 4.718 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9.4 करोड़ रुपये है, जब्त की है।
दो विदेशी महिलाएं फरार
जांच एजेंसी ने इस मामले में दो विदेशी महिलाओं को भी सह-आरोपी बनाया है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी रख सकता है। एटीएसअब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स बनाने के लिए कच्चा माल कहां से लाया जा रहा था, निर्माण की पूरी प्रक्रिया क्या थी और तैयार माल को मुंबई सहित अन्य शहरों तक किस नेटवर्क के माध्यम से पहुंचाया जाता था। जांच एजेंसी पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments