HomeCrimeमुंबई पुलिस का कॉन्स्टेबल एमडी ड्रग्स खरीदते गिरफ्तार, मालवणी पुलिस की कार्रवाई...

मुंबई पुलिस का कॉन्स्टेबल एमडी ड्रग्स खरीदते गिरफ्तार, मालवणी पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

इंद्र यादव/मुंबई। मुंबई पुलिस विभाग में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मालाड के मालवणी इलाके में तैनात रह चुका और वर्तमान में जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस कॉन्स्टेबल किरण इंदुलकर को कथित तौर पर एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स खरीदते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। मालवणी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गेट नंबर-8 के पास एमडी ड्रग्स का सौदा होने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और एक डिकॉय (नकली) ग्राहक के जरिए कार्रवाई की। जैसे ही कथित सौदा हुआ, पुलिस टीम ने छापा मारकर किरण इंदुलकर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद होने का दावा किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कॉन्स्टेबल पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब दो वर्ष पहले उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित किया गया था और बाद में उसका तबादला भी किया गया था। उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। अब मालवणी पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि वह केवल ड्रग्स खरीद रहा था या किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह स्वयं नशीले पदार्थ का सेवन करता था या फिर ड्रग्स की सप्लाई और तस्करी में भी उसकी भूमिका थी। इस घटना के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और एक पुलिसकर्मी का नशीले पदार्थों से जुड़े मामले में गिरफ्तार होना विभाग की छवि पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments