Thursday, May 7, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraतूर और चना खरीद की अवधि बढ़ी, चना खरीद लक्ष्य में भी...

तूर और चना खरीद की अवधि बढ़ी, चना खरीद लक्ष्य में भी वृद्धि: मंत्री जयकुमार रावल

मुंबई। राज्य के किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2025-26 के तहत तूर और चना खरीद की अवधि बढ़ा दी है। साथ ही चना खरीद लक्ष्य में 58 हजार 632 मीट्रिक टन की अतिरिक्त वृद्धि की गई है। अब महाराष्ट्र में कुल 8 लाख 19 हजार 882 मीट्रिक टन चना खरीदा जा सकेगा। यह जानकारी बुधवार को राज्य के विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार के अनुरोध पर तूर खरीद की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तक और चना खरीद की अंतिम तिथि 29 मई 2026 तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। मंत्री रावल ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। मंत्री रावल ने कहा कि केंद्र सरकार की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के तहत पहले तूर खरीद के लिए 90 दिन और चना खरीद के लिए 60 दिन की अवधि तय की गई थी। लेकिन किसानों की लगातार मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य के विपणन विभाग ने केंद्र सरकार से अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया, जिसे मंजूरी मिल गई। उन्होंने बताया कि तूर खरीद 1 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी और पहले इसकी अंतिम तिथि 1 मई 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 मई 2026 कर दिया गया है। खरीफ सीजन 2025-26 के लिए महाराष्ट्र को 3 लाख 37 हजार मीट्रिक टन तूर खरीद का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 37 हजार 801 किसानों से 6 लाख 82 हजार 37 क्विंटल तूर खरीदी जा चुकी है। वहीं, चना खरीद 1 मार्च 2026 से शुरू हुई थी और पहले इसकी अंतिम तिथि 29 अप्रैल 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 29 मई 2026 कर दिया गया है। शुरुआत में चना खरीद का लक्ष्य 7 लाख 61 हजार 250 मीट्रिक टन तय किया गया था, जिसमें 58 हजार 632 मीट्रिक टन की वृद्धि कर कुल लक्ष्य 8 लाख 19 हजार 882 मीट्रिक टन कर दिया गया है। अब तक 3 लाख 7 हजार 973 किसानों से 76 लाख 12 हजार 499 क्विंटल चना खरीदा जा चुका है। मंत्री रावल ने यह भी बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने तूर और चना खरीद के लिए नई और एक बार इस्तेमाल की गई छोटी B-Twill जूट बैग के उपयोग की अनुमति भी प्रदान कर दी है, जिससे खरीद प्रक्रिया को और गति मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments