
मुंबई। मुंबई के परेल इलाके में गुरुवार को मराठा आरक्षण के मुखर विरोधी वकील गुणरत्न सदावर्ते की दो कारों में तोड़फोड़ करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह 6:30 बजे हुई और आरोपियों ने वकील की दो लग्जरी कारों की खिड़कियां तोड़ते हुए मराठा समुदाय के समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने कहा कि सदावर्ते द्वारा दी गई एक शिकायत के आधार पर, भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 (1) 135 के तहत तोड़फोड़, आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि एक ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।