
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जनपद में पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मंगलवार को यातायात कार्यालय परिसर में स्थापित नए वाटर कूलर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में शुद्ध एवं शीतल पेयजल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। नए वाटर कूलर की स्थापना से यातायात कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ-साथ कार्यालय आने वाले नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने पुलिस विभाग में जनहित और कल्याणकारी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। लोकार्पण के उपरांत बड़े मंगल के पावन अवसर पर यातायात कार्यालय में शर्बत वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने स्वयं पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों को शर्बत वितरित कर सेवा, सद्भावना और जनकल्याण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शीतल शर्बत ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल, क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ हर्ष मोदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



