
मुंबई। महाराष्ट्र के अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के घाटकोपर (पश्चिम), विले पार्ले (पश्चिम) और बोरीवली (पश्चिम) स्थित जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (डोमिनोज पिज्जा) के तीन आउटलेट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक (फूड बिजनेस लाइसेंस एवं पंजीकरण) विनियम, 2011 के परिशिष्ट-4 के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। घाटकोपर के आर-सिटी मॉल स्थित आउटलेट की जांच में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब मिली। क्लीनिंग और सैनिटेशन शेड्यूल उपलब्ध नहीं था तथा परिसर में कीटों का प्रकोप पाया गया। पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी नहीं मिला। खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO/FEFO प्रणाली का पालन नहीं किया गया और तापमान नियंत्रण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। फूड ग्रेड प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, ग्लव्स और एप्रन के उपयोग से जुड़े रिकॉर्ड भी अनुपलब्ध मिले। इसके अलावा उपकरणों की कैलिब्रेशन, खाद्य एवं पानी की जांच रिपोर्ट, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस और ग्राहक शिकायत निवारण प्रणाली में भी गंभीर कमियां पाई गईं। वहीं, विले पार्ले (पश्चिम) स्थित डोमिनोज आउटलेट के निरीक्षण में एफएसएसएआई लाइसेंस का प्रदर्शन, पीने योग्य पानी की जांच, खाद्य भंडारण, पेस्ट कंट्रोल और स्वच्छता संबंधी सुविधाओं में गंभीर खामियां सामने आईं। फ्रोजन फूड और अन्य खाद्य पदार्थों का निर्धारित तापमान पर भंडारण नहीं किया जा रहा था और तापमान की नियमित निगरानी भी नहीं हो रही थी। रसोई, बैक डोर, फर्श और चिलिंग रूम की स्थिति खराब मिली, जिससे चूहों और अन्य कीटों के प्रवेश का खतरा बना हुआ था। कर्मचारियों के लिए हैंड वॉशिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता और उपकरणों के सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। बोरीवली (पश्चिम) स्थित डोमिनोज आउटलेट को निरीक्षण में केवल 54 प्रतिशत अनुपालन अंक मिले और इसे नॉन-कम्प्लायंट श्रेणी में रखा गया। यहां खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान निगरानी, खाद्य परीक्षण, स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल में गंभीर कमियां मिलीं। कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों के साथ-साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री का उचित पृथक्करण नहीं किया गया था। रसोई के उपकरणों और बर्तनों की सफाई एवं सैनिटाइजेशन भी संतोषजनक नहीं था। खाद्य तैयारी क्षेत्र में तेल की परत और खाद्य अवशेष पाए गए, जबकि फर्श, प्रकाश व्यवस्था और कीट नियंत्रण में भी कई खामियां उजागर हुईं। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि तीनों आउटलेट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस तब तक निलंबित रहेंगे, जब तक सभी कमियों को दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित नहीं किया जाता। विभाग का कहना है कि निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित होने और दोबारा निरीक्षण में संतोषजनक स्थिति मिलने के बाद ही लाइसेंस बहाल करने पर विचार किया जाएगा।





