
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। रामभक्ति और आस्था से जुड़े एक विशेष आयोजन के तहत 11 करोड़ ‘राम-राम’ लेखन की पुस्तिकाएं अयोध्या धाम भेजी गईं। इन पुस्तिकाओं का लेखन लगभग 4 हजार श्रद्धालुओं द्वारा किया गया था। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर 151 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। यह यात्रा विधायक की निजी संसाधनों से संचालित ‘श्रवण कुमार तीर्थाटन यात्रा’ के अंतर्गत दो बसों के माध्यम से आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराना तथा रामनाम लेखन की पुस्तिकाओं को श्रीराम जन्मभूमि धाम में समर्पित करना था।कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण राममय हो गया। ‘जय श्रीराम’ के जयघोषों के बीच विधायक पंकज गुप्ता ने रामनाम लेखन पुस्तिकाओं के समक्ष दंडवत प्रणाम कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण है और बुजुर्गों व श्रद्धालुओं को तीर्थस्थलों के दर्शन कराना एक पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन प्रत्येक श्रद्धालु की आस्था और विश्वास का केंद्र हैं तथा उनकी यह पहल समाज के वरिष्ठ नागरिकों और धर्मप्रेमियों को धार्मिक यात्रा का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है। विधायक ने सभी यात्रियों के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति से जुड़ाव समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर सहित अयोध्या के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, शक्ति केंद्र संयोजक हर्ष मिश्रा, शम्मी मिश्रा, प्रमोद ओझा, धीरज सिंह, अमरेन्द्र गुप्ता, अजय मणि, विजय राज, सुरेन्द्र गुप्ता, प्रत्यय गुप्ता, रूपकुमार बाजपेई, सभासद राकेश रावत, अभिलाषा मिश्रा, पप्पू चौहान, योगेश अवस्थी (कल्लू), ओम प्रकाश मिश्रा, अवनीश शुक्ला, अमित सिंह, ब्रजेश पाण्डेय सहित श्रीराम नाम लेखन महायज्ञ समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



