HomeArchitectureBreakingकुलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस का केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई का...

कुलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस का केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई का आग्रह, खड़गे और राहुल गांधी ने जताया शोक

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में दो गैर-कश्मीरी मजदूरों की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने कहा कि दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंकवाद की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है। खड़गे ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा उन्हें कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकियों के इस कायराना हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार देर शाम जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को गोली मार दी थी। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के निवासी थे। सुरक्षा बलों ने हमले के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments