
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नगर पालिका परिषद उन्नाव ने शहरवासियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की है। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा और उनके प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने जिला अस्पताल परिसर में लगाए गए वाटर कूलरों का उद्घाटन किया। इनमें सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस में लगाए गए वाटर कूलर शामिल हैं। नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने बताया कि नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों को आसानी से स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। नगर पालिका प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में शहर के 11 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें से छह स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित कर उन्हें चालू कर दिया गया है। इन स्थानों में जिला न्यायालय, डाकघर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शेष पांच स्थानों पर एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कचहरी बार एसोसिएशन परिसर में वाटर कूलर की स्थापना प्रस्तावित है, जबकि रजिस्ट्री कार्यालय में लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बस स्टैंड पर भी वाटर कूलर लगाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए संबंधित विभाग से स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। अनुमति मिलते ही वहां भी स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगर पालिका का उद्देश्य शहर के ऐसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध और ठंडे पेयजल की व्यवस्था करना है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक, मरीज, छात्र, अधिवक्ता एवं अन्य लोग पहुंचते हैं। गर्मी और उमस के मौसम में लोगों को राहत देने के साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पालिका लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी इस तरह की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

