
नदी क्षेत्र में भविष्य में आवासीय भवनों के नक्शे स्वीकृत न करने के निर्देश
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में पहुंज नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए नदी को अतिक्रमण मुक्त रखने, वर्षभर सतत जल प्रवाह सुनिश्चित करने तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान पहुंज नदी के कैचमेंट एरिया और जल भंडारण क्षमता की जानकारी ली गई। इसके साथ ही रेलवे को नदी से उपलब्ध कराए जाने वाले पानी की मात्रा एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने नदी संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे, जबकि नगर आयुक्त सचिव और अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सह-सचिव होंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समिति समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करे, नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करे तथा एनजीटी के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी की भूमि पर किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण न होने दिया जाए। पूर्व में किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही नदी में प्राकृतिक एवं सतत जल प्रवाह बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) को निर्देशित किया कि पहुंज नदी के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नदी क्षेत्र एवं निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में भविष्य में किसी भी आवासीय भवन का नक्शा स्वीकृत न किया जाए। इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पहुंज नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों की वर्तमान प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नदी का संरक्षण सुनिश्चित होने के साथ पर्यावरणीय संतुलन और जनहित सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रंजीत कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी इमरान खान, आयुष रविंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक अनिल कुमार सहित रेलवे, सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

