Homeठाणेठाणे के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मेट्रो से पॉड टैक्सी तक...

ठाणे के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मेट्रो से पॉड टैक्सी तक कई बड़े प्रोजेक्ट पर जोर

घोड़बंदर रोड की ट्रैफिक समस्या, शूटिंग रेंज, टाउन पार्क, कचरा प्रक्रिया, खाड़ी सौंदर्यीकरण और सड़क विकास की समीक्षा

ठाणे। ठाणे शहर में बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने की तैयारी है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता में शुक्रवार को ठाणे महानगरपालिका (TMC) मुख्यालय के स्थायी समिति सभागृह में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें शहर की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेट्रो, सड़क, पॉड टैक्सी, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, खेल और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महापालिका आयुक्त सौरभ राव, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे के साथ मेट्रो प्राधिकरण, मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA), सार्वजनिक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस, वन विभाग, महाराष्ट्र समुद्री मंडल और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मेट्रो और घोड़बंदर रोड की ट्रैफिक समस्या पर फोकस
बैठक में ठाणे शहर के मेट्रो अलाइनमेंट और सड़क विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से घोड़बंदर रोड पर यातायात जाम कम करने के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ इन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वाघबील में प्रस्तावित शूटिंग रेंज परियोजना को गति देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही टाउन पार्क, कचरा प्रक्रिया परियोजना, नागला बंदर खाड़ी के सौंदर्यीकरण, खेल सुविधाओं और शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
नए प्रोजेक्ट में EV चार्जिंग स्टेशन के लिए आरक्षित होगी जगह
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ठाणे महानगरपालिका की भविष्य की नई परियोजनाओं में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन के लिए जगह आरक्षित रखने पर जोर दिया गया। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल के अनुरूप चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में मदद मिलेगी। वनस्पति उद्यान के विकास के लिए विशेषज्ञ डिजाइनर के माध्यम से आकर्षक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप योजना तैयार करने पर भी चर्चा की गई।
पॉड टैक्सी परियोजना के लिए तैयार होगा अंतिम खाका
प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर आवश्यक तकनीकी मानकों, व्यवहार्यता रिपोर्ट और सामाजिक प्रभाव के अध्ययन के आधार पर आगे बढ़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रस्तावित रिंग मेट्रो के साथ समन्वय करते हुए पॉड टैक्सी परियोजना का अंतिम खाका तैयार करने को कहा गया। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट किया कि ठाणे का विकास केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आने वाले कई दशकों में बढ़ने वाली आबादी और यातायात को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक परियोजना में तकनीकी गुणवत्ता, नागरिकों की सुरक्षा और सार्वजनिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं किए जाने की बात कहते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से परियोजनाएं समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments