
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया सम्मानित, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में शनिवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को ‘लोकमान्य टिळक राष्ट्रीय पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह सभी के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से देश की अनेक महान हस्तियों को सम्मानित किया जाता रहा है और इस वर्ष यह सम्मान राष्ट्रीय सुरक्षा को नई दिशा देने वाले तथा अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करने वाले अजीत डोभाल को प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ‘चाणक्य’ के रूप में पहचाने जाने वाले अजीत डोभाल ने पहले भारतीय पुलिस सेवा, फिर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) में रहकर देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने देश की सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी। उनकी रणनीतियों के कारण भारत अब आतंकवाद और सुरक्षा चुनौतियों का जवाब दुश्मन की धरती पर जाकर देने में सक्षम बना है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि अजीत डोभाल ने अनेक बार अपने प्राणों की परवाह किए बिना देशहित में कार्य किया, लेकिन कभी किसी पुरस्कार की अपेक्षा नहीं की। ऐसे राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व को लोकमान्य टिळक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रवाद की नींव रखने का कार्य लोकमान्य बाल गंगाधर टिळक ने किया था। सार्वजनिक गणेशोत्सव और शिवजयंती जैसे आयोजनों के माध्यम से उन्होंने समाज को संगठित कर स्वतंत्रता आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। राष्ट्रभक्ति और समर्पण की उसी भावना को अजीत डोभाल ने अपने जीवन और कार्यों से आगे बढ़ाया है, इसलिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है। समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, मंत्री चंद्रकांत पाटील, मंत्री उदय सामंत, राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, विधायक रविंद्र चव्हाण, लोकमान्य टिळक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित टिळक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


