
मुंबई। महाराष्ट्र में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मृदा एवं जल संरक्षण विभाग की ओर से 21 अगस्त को ‘महा वॉकेथॉन–वॉक फॉर वॉटर’ का राज्यव्यापी आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को सह्याद्री अतिथिगृह में किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठौड़ सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। राज्य सरकार के अनुसार, 21 अगस्त को पूरे महाराष्ट्र में जल संरक्षण दिवस मनाया जाएगा। वहीं 15 से 21 अगस्त तक जल संरक्षण सप्ताह तथा 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक विशेष जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत राज्यभर में ‘महा वॉकेथॉन–वॉक फॉर वॉटर’, जल संरक्षण की शपथ, युवाओं के लिए लघु फिल्म प्रतियोगिता तथा स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और जल संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

