Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव में मिशन शक्ति फेज 5.2 पर कार्यशाला आयोजित, छात्राओं को सुरक्षा...

उन्नाव में मिशन शक्ति फेज 5.2 पर कार्यशाला आयोजित, छात्राओं को सुरक्षा के दिए गए टिप्स

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव–कानपुर हाईवे स्थित वीरेंद्र स्वरूप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (मैनेजमेंट व इंजीनियरिंग कॉलेज) में “मिशन शक्ति फेज 5.2” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन, सीओ बीघापुर मधुप नाथ मिश्रा के संयोजन और अचलगंज थानाध्यक्ष ब्रजेश शुक्ला के समन्वय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमारी सिंह ने छात्राओं और स्टाफ को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और सतर्कता के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यशाला में परिवार परामर्श प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव और वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सेंगर ने “गुड टच-बैड टच” और साइबर सुरक्षा के तहत एपीके फाइल डाउनलोड न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। वहीं सीओ मधुप नाथ मिश्रा ने उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया और समाज में अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें उप निरीक्षक मिथिलेश कुमारी, सलाहकार शिल्पी श्रीवास्तव, शिक्षिका प्रतिभा मिश्रा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा सोनी, एएनएम शीतांशु वर्मा, आशा बहू अनीता श्रीवास्तव, महिला आरक्षी पूजा यादव, पीआरडी आरक्षी मधुलता सहित कॉलेज की शिक्षिकाएं मीनाक्षी दीक्षित, सोनिया राय, कीर्ति भट्ट और शिखा शर्मा शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट संचालन और समन्वयन के लिए डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. मनीष सेंगर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार गौड़ और रजिस्ट्रार डॉ. देशराज साहू ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की उपयोगी कार्यशालाओं के आयोजन की बात कही। कार्यक्रम को सफल बनाने में थाना अचलगंज पुलिस टीम और चौकी इंचार्ज बदरका अनिल कुमार त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा। कॉलेज प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का बुके और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments