
आईटी सर्वर रूम का उद्घाटन कर 50 से अधिक लाभार्थियों को सौंपीं घरों की चाबियां
मुंबई। प्रसिद्ध अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई स्थित स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (एसआरए) कार्यालय का सद्भावना दौरा कर एसआरए की आधुनिक और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक आईटी सर्वर रूम का उद्घाटन किया, एसआरए की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और 50 से अधिक पात्र झोपड़पट्टी पुनर्वास लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपकर उनके सपनों को साकार करने में भागीदारी निभाई।
सलमान खान ने एसआरए की विभिन्न परियोजनाओं और पुनर्वसन कार्यों की जानकारी लेते हुए संस्था के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उनके हाथों एसआरए के डेटा कलेक्शन एंड सेग्रिगेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) का उद्घाटन किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह अत्याधुनिक सर्वर रूम एसआरए के डिजिटल प्रशासन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा तथा ई-गवर्नेंस से जुड़ी सेवाओं को नई गति प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने एसआरए की उपलब्धियों, पुनर्वसन परियोजनाओं, विकास कार्यों और संस्था की उल्लेखनीय यात्रा को प्रदर्शित करने वाली कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रकाशन नागरिकों, हितधारकों और विभिन्न क्षेत्रों तक एसआरए के कार्यों की व्यापक जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर की उपस्थिति में सलमान खान ने 50 से अधिक पात्र झोपड़पट्टी पुनर्वास लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपीं। अपने सपनों का आशियाना मिलने पर लाभार्थियों ने महाराष्ट्र सरकार और एसआरए के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुनर्वास प्रक्रिया पर संतोष जताया।
एसआरए अधिकारियों ने कहा कि सलमान खान की इस सद्भावना यात्रा से संस्था की नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को नई पहचान मिली है। साथ ही यह दौरा सभी पात्र नागरिकों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी और मजबूत करता है। इस अवसर पर एसआरए के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




