
गणेश मंडपों में लगेंगे स्वास्थ्य जांच शिविर, महापौर रितू तावडे ने मंडलों से जगह उपलब्ध कराने की अपील की
मुंबई। गणेशोत्सव 2026 के दौरान मुंबई में गणेश भक्तों के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखा जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत मुख्यमंत्री सहायता निधि और महापौर चिकित्सा सहायता निधि के माध्यम से मुंबई में ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू किया जाएगा। मंगलवार को मुंबई की महापौर रितू तावडे ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में आयोजित गणेशोत्सव समीक्षा बैठक के दौरान इसकी घोषणा की। गणेशोत्सव की तैयारियों को लेकर महापौर रितू तावडे और उप महापौर संजय घाडी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बीएमसी के पदाधिकारियों, विभिन्न सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों, मूर्तिकार संगठनों, पुलिस, यातायात विभाग और विभिन्न प्राधिकरणों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। महापौर रितू तावडे ने बताया कि ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान के तहत सार्वजनिक गणेश मंडलों के सभामंडपों में गणेश भक्तों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश मंडलों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में इन शिविरों के माध्यम से उन्हें मौके पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। महापौर ने मुंबई के गणेशोत्सव मंडलों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने मंडप अथवा उसके आसपास स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के लिए आवश्यक जगह उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा सकें।बैठक में उप महापौर संजय घाडी, सभागृह नेता गणेश खणकर, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, शिवसेना गुटनेता अमेय घोले, एआईएमआईएम गुटनेता विजय उबाळे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना गुटनेता यशवंत किल्लेदार, समाजवादी पार्टी की गुटनेता अमरीन अब्रहानी, सुधार समिति अध्यक्ष संध्या दोशी-सक्रे और बेस्ट समिति अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।इसके अलावा अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, विभिन्न परिमंडलों के संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति, मुंबई उपनगर श्री गणेश उत्सव समन्वय समिति, अखिल सार्वजनिक गणेशोत्सव महासंघ सहित विभिन्न गणेशोत्सव समन्वय समितियों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

