
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने गुरुवार को मुंबई स्थित ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय का दौरा किया और विभिन्न कला शैलियों से संबंधित ऐतिहासिक एवं कलात्मक वस्तुओं के समृद्ध संग्रह का अवलोकन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने संग्रहालय के कार्यों की सराहना की तथा देश की विलुप्त होती पारंपरिक कलाओं के संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया। संग्रहालय के महानिदेशक सव्यसाची मुखर्जी ने राज्यपाल को संग्रहालय के इतिहास, विकास-यात्रा और उसकी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने संग्रहालय के अन्य क्यूरेटरों के साथ राज्यपाल को प्राचीन भारत एवं विश्व दीर्घा, शिल्पकला दीर्घा, हिमालयी कला दीर्घा तथा लघुचित्र एवं वस्त्र संग्रह का अवलोकन कराया। इस दौरान मुखर्जी ने बताया गया कि संग्रहालय अपने चलित संग्रहालय (मोबाइल म्यूज़ियम) तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों और विद्यार्थियों में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

