
इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे पश्चिम के मजीवाड़ा इलाके में नासिक हाईवे पर एक भीषण हिट-एंड-रन हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ‘रुस्तमजी’ के सामने हुई, जहां एक तेज रफ्तार टेम्पो ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ड्राइवर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद टेम्पो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है। महिला की पहचान रेणुका कांतिलाल चव्हाण के रूप में हुई है। वह रुस्तमजी अज़ियानो को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में जनिटर (स्वच्छता कर्मचारी) के तौर पर कार्यरत थीं। हादसे के बाद प्रशासनिक लापरवाही भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद लगभग 30 मिनट तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे महिला का शव काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा। इसको लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद हाईवे सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।




