
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन, लखनऊ में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए युवाओं के लिए जल्द नई यूथ पॉलिसी लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है और यही युवा विकसित उत्तर प्रदेश तथा विकसित भारत की नींव बनेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिजनों तथा अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाले सैन्य कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा में योगदान देने वाले वीरों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, डेटा सेंटर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीप टेक और मेडटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली, परिश्रमी और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा रखता है। सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो। इसी उद्देश्य को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार बहुत जल्द नई यूथ पॉलिसी लागू करेगी, जिससे युवाओं की क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नए उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की युवा शक्ति ही आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

