Sunday, May 10, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमीरा भाईंदर जमीन प्रकरण में सरकार पर विजय वडेट्टीवार का गंभीर आरोप

मीरा भाईंदर जमीन प्रकरण में सरकार पर विजय वडेट्टीवार का गंभीर आरोप

मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को मीरा भाईंदर के मौजे भाईंदर स्थित लगभग 254.88 एकड़ सरकारी जमीन के मालिकाना हक को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले और उस पर सरकार की भूमिका जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसी है। करोड़ों रुपये मूल्य की मूल सरकारी जमीन निजी विकासकों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जानबूझकर देरी की गई। वडेट्टीवार ने कहा कि यह जमीन मूल रूप से राज्य सरकार की थी, लेकिन शासन की पूर्व अनुमति के बिना ही भूमि अभिलेखों में बदलाव कर दिए गए। जिलाधिकारी ने जमीन को सरकार के नाम दर्ज करने के आदेश भी दिए थे, फिर भी वरिष्ठ स्तर पर इस मामले का प्रभावी ढंग से पीछा क्यों नहीं किया गया, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल 2026 को उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार की अपील खारिज करते हुए जमीन को ‘मीरा सॉल्ट वर्क्स’ की संपत्ति माना। वडेट्टीवार के अनुसार, जब सुनवाई न्यायिक विभाग के मुद्दे पर हो रही थी, तब मालिकाना हक का फैसला निजी कंपनी के पक्ष में जाना सरकारी वकीलों और विधि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने तीखा सवाल किया कि “क्या सरकारी वकील सो रहे थे?” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार आर्थिक संकट की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी जमीन निजी बिल्डरों को सौंपने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आलोचना बढ़ने के बाद अब सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कर रही है, लेकिन उच्च न्यायालय का फैसला आने तक सरकार क्या कर रही थी? क्या निजी बिल्डरों के हित बचाने के लिए ही कानूनी प्रक्रिया को लंबा खींचा गया? वडेट्टीवार ने कहा कि यह 254 एकड़ जमीन जनता की संपत्ति है और इसे निजी विकासकों को सौंपना राज्य के खजाने को नुकसान पहुंचाने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिठागर की जमीन होने के पर्याप्त सबूत होने के बावजूद अदालत में सरकार ने मजबूत पक्ष नहीं रखा, जिसके कारण यह जमीन हाथ से निकल गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने में भी देरी करती है तो कांग्रेस इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। इसके साथ ही विकास लवांडे पर आळंदी में हुई स्याही फेंकने की घटना की भी वडेट्टीवार ने निंदा की। उन्होंने कहा कि इस घटना से वारकरी संप्रदाय में घुसपैठ कर चुकी हिंसक मानसिकता का चेहरा सामने आया है। उन्होंने गृह मंत्री से हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments