Home Maharashtra स्वतंत्रता दिवस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का बड़ा ऐलान: महाराष्ट्र को बनाएंगे...

स्वतंत्रता दिवस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का बड़ा ऐलान: महाराष्ट्र को बनाएंगे सूखा-मुक्त, 56 लाख किसानों की कर्जमाफी और हर जिले को मिलेगा विकास का इंजन

0

मुंबई। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्रालय में आयोजित मुख्य सरकारी समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महाराष्ट्र की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ महाराष्ट्र को स्थायी रूप से सूखा-मुक्त बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया है और 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल मजबूत अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य है और वर्ष की पहली छमाही में राज्य की आर्थिक विकास दर 8.8 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले को विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ बनाने का अभियान चलाया जा रहा है और अब तक 13 जिलों ने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया है। गडचिरोली, पालघर, नंदुरबार सहित राज्य के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर कर्जमाफी योजना के तहत 56 लाख किसानों को 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी दी जा रही है। साथ ही किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। वर्तमान में 76 प्रतिशत किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है और अगले एक वर्ष में यह सुविधा 100 प्रतिशत किसानों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ियों को सूखे का सामना न करना पड़े, इसके लिए नदी जोड़ परियोजनाओं के माध्यम से मराठवाड़ा, विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र और पश्चिम महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सरकार का संकल्प महाराष्ट्र को स्थायी रूप से दुष्कालमुक्त (सूखा-मुक्त) बनाना है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि महिलाओं को किसान का दर्जा देने वाला कानून लागू करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य बनेगा। सरकार महिलाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। युवाओं के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार विदेशी विश्वविद्यालयों को ‘एज्युसिटी’ के माध्यम से महाराष्ट्र में ला रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र आज देश का स्टार्टअप कैपिटल बन चुका है और यहां सबसे अधिक निवेश तथा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आ रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागरिकों से संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग संकल्प लें कि देश का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहेगा और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे। ध्वजारोहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रालय परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज, राजमाता जिजाऊ, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मंत्री संजय सावकारे, मुंबई की महापौर रितू तावडे, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here