HomeMaharashtraमुख्यमंत्री फडणवीस बोले- तिरंगे का सम्मान ही स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को...

मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- तिरंगे का सम्मान ही स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि

छत्रपति संभाजीनगर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है तथा इसके सम्मान के लिए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की पहचान, अस्तित्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान ‘करो या मरो’ का आह्वान किया था। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए 9 से 15 अगस्त तक तिरंगे के सम्मान में रैलियां निकाली जा रही हैं और छत्रपति संभाजीनगर की तिरंगा यात्रा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला है।फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आज दुनिया भारत को एक मजबूत राष्ट्र और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक यान उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में भी तेज़ी से विकास हो रहा है और मराठवाड़ा परिवर्तन के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र को सूखा मुक्त बनाने के लिए कोकण का अतिरिक्त जल गोदावरी बेसिन तक तथा सांगली और कोल्हापुर का पानी उजनी परियोजना के माध्यम से मराठवाड़ा तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप और नवाचार के जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि संविधान में निहित नागरिकों के मूल कर्तव्यों को याद करने का भी अवसर है।मराठवाड़ा के स्वतंत्रता इतिहास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ, लेकिन मराठवाड़ा को निजाम शासन से मुक्ति के लिए 13 महीने और संघर्ष करना पड़ा। 17 सितंबर 1948 को मराठवाड़ा को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए तिरंगे का सम्मान बनाए रखने और विकसित व समृद्ध महाराष्ट्र के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, मंत्री गिरीश महाजन, अतुल सावे, राधाकृष्ण विखे पाटिल, पंकजा मुंडे, संजय सावकारे, सांसद अशोक चव्हाण, विधायक रविंद्र चव्हाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments