
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। औरास के रामपुर गढ़ौवा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित “बाल संसद 2.0” निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बच्चों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपनी सरकार चुनी। “बेसिक का मंच-बच्चों का मंच” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर लोकतंत्र, अनुशासन और बच्चों की सक्रिय भागीदारी का केंद्र बना रहा। तीन वर्ष पूर्व गठित बाल संसद के सदस्य विद्यालय से पास आउट हो चुके थे, जिसके बाद पुनः चुनाव कराया गया। इस बार प्रधानमंत्री पद को छोड़ अधिकांश मंत्रालयों में कक्षा 6 के बच्चों को जिम्मेदारी देकर नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। निर्वाचन परिणामों में छात्रा समरीन को प्रधानमंत्री और पूनम को उप प्रधानमंत्री चुना गया। आस्था को शिक्षा मंत्री, मोहिनी को स्वच्छता मंत्री, अल्फीसा को सांस्कृतिक एवं विकास मंत्री, दीपाली को स्वास्थ्य मंत्री तथा राजकुमार को खेल मंत्री के रूप में सर्वाधिक मत मिले। परिणाम घोषित होते ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला। विजेताओं ने अपने प्रभारी के रूप में अंकिता, चाहत, सीरत, कोमल और आशीष के नामों की घोषणा भी की। निर्वाचन के प्रभारी नोडल संकुल धर्मेंद्र सिंह ने नव निर्वाचित बाल मंत्रियों को शपथ दिलाई। बच्चों ने अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप वर्मा ने बच्चों को विद्यालय स्वच्छता, प्रार्थना सभा संचालन, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति, पौधरोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन, नशामुक्ति संदेश और शैक्षिक गुणवत्ता सुधार से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “बाल संसद 2.0” का उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ, अनुशासन और सामाजिक चेतना विकसित करना है। इस मॉडल को प्रदेशभर में स्थापित करने के लिए बाल नेतृत्व प्रशिक्षण, छात्र मीडिया टीम और सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों में आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता का विकास होगा। प्रदेश के कई राष्ट्रपति पुरस्कार एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों ने भी इस मुहिम की सराहना की है। इस दौरान प्रधानाध्यापिका शशि देवी, शिक्षक शाहे खुबा, रमनजीत कौर एवं इंद्रपाल मौजूद रहे।




