
मुंबई। मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) ब्रिज जल्द आम जनता के लिए खुल जाएगी। खबर है कि एमटीएचएल ब्रिज का शुभारंभ दिसंबर में होगा और यह 25 दिसंबर से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। एमटीएचएल ब्रिज देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है। इसके अलावा यह देश का ऐसा पहला पुल भी होगा जिसपर ‘ओपन रोड टोलिंग’ (ओआरटी) प्रणाली की सुविधा मौजूद होगी। ओपन टोलिंग सिस्टम की वजह से टोल भरने के लिए वाहनों को पुल पर रुकना नहीं पड़ेगा। 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा छह लेन वाला मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक ब्रिज की कुल लंबाई 22.8 किलोमीटर है। इसका 16 किलोमीटर हिस्सा समुद्र में है। इसके शुरू होने पर मध्य मुंबई के सेवरी से नवी मुंबई के चिरले तक 15 से 20 मिनट में पहुंचा जा सकता है। एमटीएचएल शुरू होने के बाद मुंबई और पुणे के बीच यात्रा आसान होगी। इससे लोनावला, खंडाला और मुंबई के बीच यात्रा के समय में 90 मिनट की कमी आने की उम्मीद है। दिवंगत प्रधानमंत्री के सम्मान में इसका अधिकारिक नाम ‘अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है। इससे नवी मुंबई और रायगढ़ जिले में बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि परियोजना का 96 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।