HomeCrimeभिवंडी में :पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फ्लैट से 20.76 किलो गांजा बरामद;...

भिवंडी में :पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फ्लैट से 20.76 किलो गांजा बरामद; महिला समेत दो गिरफ्तार

ठाणे। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शांति नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भिवंडी के एक पॉश रिहायशी परिसर में छापा मारकर 20.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 6.32 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। शांति नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ के अनुसार, यह कार्रवाई एक गुप्त मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कल्याण रोड स्थित टेमघर पाड़ा के अरिहंत कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में अवैध बिक्री और वितरण के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में गांजा रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां मौजूद मिंटू देवी कुशवाहा (40) और उनके साथी दुर्गा शाह (43) के कब्जे से दो सूटकेस बरामद किए गए। एक लाल और एक नीले रंग के सूटकेस की जांच करने पर उनमें प्लास्टिक की बोरियों में भरा गांजा मिला। पुलिस ने पहले सूटकेस से 10.375 किलोग्राम तथा दूसरे से 10.385 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिससे कुल बरामदगी 20.760 किलोग्राम तक पहुंच गई। पुलिस ने बरामद गांजे को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गांजा भिवंडी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई करने के लिए जमा किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका वितरण किन क्षेत्रों में किया जाना था। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकड़ के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। शांति नगर पुलिस की इस कार्रवाई को भिवंडी क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments