भिवंडी से मौलाना गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी

इंद्र यादव/मुंबई। भिवंडी शहर में आस्था के नाम पर कथित शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने 50 वर्षीय मौलाना इस्माइल को एक 30 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को 18 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता नेहरू नगर क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास रहती है और एक निजी क्लिनिक में सहायक के रूप में कार्यरत है। वह लंबे समय से बीमार थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मौलाना इस्माइल से हुई, जिसने दावा किया कि वह धार्मिक अनुष्ठानों और दुआ के जरिए उसकी बीमारी ठीक कर सकता है। महिला ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। जांच में सामने आया है कि 9 जून 2024 से 10 अगस्त 2026 के बीच मौलाना ने महिला को कई बार वराळा देवी तलाव के पास स्थित एक दरगाह पर बुलाया। पहली मुलाकात में उसने महिला के बाल खुलवाए, हाथ में नींबू देकर कुछ धार्मिक मंत्र पढ़े और फिर नींबू काटकर फेंकते हुए कहा कि इससे बीमारी दूर हो जाएगी। करीब 15 दिन बाद महिला को दोबारा बुलाया गया। आरोप है कि इस बार इलाज और धार्मिक अनुष्ठान के बहाने मौलाना ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने महिला को फोन कर दावा किया कि पूरी घटना का वीडियो उसने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है। साथ ही धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। आरोपी ने यह भी कहा कि वीडियो इरफान नाम के एक व्यक्ति के पास भी मौजूद है। धमकियों के कारण महिला लंबे समय तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर 11 अगस्त की रात भिवंडी सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर मौलाना इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इरफान नामक व्यक्ति की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया था। मामले की जांच जारी है।

