HomeCrimeनिर्मल नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14 मामलों का शातिर ऑटो चोर...

निर्मल नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14 मामलों का शातिर ऑटो चोर गिरफ्तार, 2.36 लाख के चार चोरी के रिक्शे बरामद

मुंबई। मुंबई के निर्मल नगर पुलिस ने ऑटो रिक्शा चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 2 लाख 36 हजार रुपये कीमत के चार चोरी के ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से निर्मल नगर, वाकोला और खेरवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, निर्मल नगर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ऑटो रिक्शा चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। बुधवार को निर्मल नगर पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को गोलीबार रोड स्थित आंबेवाड़ी पुलिस चौकी के पास से ऑटो रिक्शा क्रमांक MH-02-DU-2868 चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर 10 अगस्त 2026 को कार्तिक शिवशंकर उपाध्याय (20 वर्ष) निवासी गांवदेवी, वाकोला, सांताक्रूज (पूर्व) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कई ऑटो चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने MH-02-DU-2868, MH-02-EB-9636, MH-02-DU-0995 और MH-02-EI-3450 नंबर के चार चोरी के ऑटो रिक्शा बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही निर्मल नगर, वाकोला और खेरवाड़ी पुलिस स्टेशनों में ऑटो चोरी के कुल 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और संभावित वाहन चोरी गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम परिमंडल-1) निमित गोयल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (खेरवाड़ी विभाग) संजय गायकवाड़ के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई को सफल बनाने में निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय कुलकर्णी, पुलिस निरीक्षक (अपराध) सुबंकांत पाटकर, पुलिस उपनिरीक्षक भीमराव धापटे तथा अपराध प्रकटीकरण शाखा की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से ऑटो रिक्शा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और वाहन चोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments