
इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे जिले के उल्हासनगर में मध्यवर्ती पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 238.50 ग्राम एमडी (मैफेड्रॉन) ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.38 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी के तार नेपाल से जुड़े होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, मध्यवर्ती पुलिस को सूचना मिली थी कि उल्हासनगर कैंप क्रमांक-3 के करोतियानगर क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की और तीन संदिग्धों को मौके से हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेहान मुख्तार अहमद शेख, अरबाज मतिऊर रहमान खान और मंजूर रहमान खान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 238.50 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसे संकेत मिले हैं कि इस नेटवर्क का संबंध नेपाल से जुड़े सप्लायरों से हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की खेप किस माध्यम से लाई गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

