
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के मृदा एवं जलसंधारण विभाग की ओर से जल संरक्षण और मृदा संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2026 को राज्य के सभी जिलों में ‘महा वॉकेथॉन 2026 – वॉक फॉर वॉटर’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में भाग लेने के लिए अभिनेता संजय दत्त को मृदा एवं जलसंधारण मंत्री संजय राठौड़ ने आमंत्रित किया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। सरकार इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, कलाकारों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करेगी। प्रत्येक जिले में अधिकतम 3 किलोमीटर की वॉकेथॉन आयोजित होगी, जिसके बाद प्रतिभागियों को मृदा एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर शीर्ष 10 प्रतिभागियों को सम्मानचिह्न दिया जाएगा। साथ ही प्रायोजकों के माध्यम से कुल 71 हजार रुपये के नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपये, द्वितीय 15 हजार रुपये, तृतीय 10 हजार रुपये तथा लॉटरी के माध्यम से चुने गए सात प्रतिभागियों को 3-3 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। ‘Save Soil, Save Water, Secure Tomorrow’ तथा ‘पानी अडवा, पानी जिरवा, जलयुक्त महाराष्ट्र घडवा’ के संदेश के साथ आयोजित यह अभियान राज्य में जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है। उल्लेखनीय है कि 15 से 21 अगस्त तक जलसंधारण सप्ताह तथा 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक राज्यव्यापी जलसंधारण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 21 अगस्त का यह महा वॉकेथॉन एक प्रमुख कार्यक्रम होगा।

