
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति मुकेश पांडे ने डॉ. रॉबिन श्रीवास्तव एवं डॉ. आर. पी. श्रीवास्तव द्वारा लिखित पुस्तक “Lasers: A Precision Tool for Periodontics” का विधिवत विमोचन किया।इस अवसर पर डॉ. रॉबिन श्रीवास्तव ने बताया कि आधुनिक चिकित्सा में लेज़र तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में यह एक सुरक्षित, प्रभावी एवं उन्नत उपचार विकल्प के रूप में उभर कर सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में लेज़र तकनीक की कार्यप्रणाली, क्लिनिकल उपयोग, विभिन्न उपचारों में इसकी भूमिका और सुरक्षा मानकों को वैज्ञानिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक दंत चिकित्सा के विद्यार्थियों, स्नातकोत्तर छात्रों और प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सकों के लिए उपयोगी साबित होगी।कार्यक्रम में डॉ. आर. पी. श्रीवास्तव के योगदान का भी उल्लेख किया गया, जिन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही वर्ष 2001 में तत्कालीन राज्यपाल विष्णुकांत शास्त्री द्वारा ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’ और गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया गया था।इस मौके पर डॉ. ऋतिका श्रीवास्तव, डॉ. संजीव श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव और आर.सी. श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कुलपति मुकेश पांडे ने पुस्तक लेखन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शोधपरक कार्य न केवल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं को नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरित भी करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक दंत चिकित्सा में लेज़र तकनीक को समझने और शोध कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




