
मुंबई। नेस्को कॉन्सर्ट ड्रग्स मामले में वनराई पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए मीरा रोड से 31 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार महिला पर आरोप है कि ड्रग सिंडिकेट के सदस्य उसके बैंक खाते का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेन-देन के लिए कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट से जुड़े लोग ऑनलाइन उसके खाते में पैसे ट्रांसफर करते थे, जिनका उपयोग ड्रग्स खरीदने में किया जाता था।जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी आयुष साहित्य ने भी ड्रग्स खरीदने के बाद महिला के खाते में रकम ट्रांसफर की थी। पुलिस के मुताबिक, महिला नेटवर्क के कई सदस्यों के संपर्क में थी और एक पुरुष सहयोगी के जरिए ड्रग्स मंगवाती थी, जिसे इस पूरे रैकेट का मुख्य सप्लायर माना जा रहा है। ड्रग्स मिलने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य इन्हें विभिन्न लाइव इवेंट्स और कॉन्सर्ट्स में ग्राहकों तक पहुंचाते थे। फिलहाल इस मामले का मुख्य सप्लायर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और इससे जुड़े सभी लोगों का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।




