
मुंबई (इंद्र यादव)। मुंबई के गोवंडी इलाके में घाटकोपर-मंखुर्द लिंक रोड पर स्थित एक पार्किंग स्थल में CNG सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी का CNG सिलेंडर अचानक फट गया, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। सूत्रों के मुताबिक, यह पार्किंग स्थल अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में कमर्शियल और निजी वाहन खड़े किए जाते थे। सिलेंडर विस्फोट के बाद आग एक वाहन से दूसरे वाहन में तेजी से फैल गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बड़ी संख्या में वाहन जलकर नष्ट हो गए हैं। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं, ताकि आग आसपास की झुग्गियों और रिहायशी इलाकों तक न फैल सके।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध पार्किंग संचालित करने वालों की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




