
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की सुचारू और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम और हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है, जिससे आम नागरिकों को आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान में तत्काल सहायता मिल सके।अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान जनपदवासी पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत को सीधे दर्ज करा सकते हैं।इसके लिए प्रशासन ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 6387081399 जारी किया है, जिस पर कॉल कर आमजन अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में प्राप्त सभी शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पूर्ति लिपिक, पूर्ति निरीक्षक तथा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों की तैनाती की गई है।प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था के माध्यम से न केवल आपूर्ति प्रणाली को सुचारू रखा जाएगा, बल्कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कमी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे जनसामान्य को राहत मिलेगी और आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता बनी रहेगी।




