नई कार्यकारिणी का गठन; समाज की एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। कस्तूरबा नगर स्थित सूत सारथी समाज भवन में जिला सूत सारथी समाज की आमसभा एवं नई कार्यकारिणी के गठन का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यकारिणी का चुनाव प्रदेश अध्यक्ष योगेश सारथी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से बल्लू नरेश सारथी को जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन पर समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। नई कार्यकारिणी में संतोष बघेल (अटल आवास), वैद्धिका प्रसाद सारथी (मालू) एवं मनीष सारथी (चिंगराजपारा) को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। बजरंग सारथी को जिला सचिव, प्रकाश सागर, रामकुमार साहनी एवं परदेशी सारथी को जिला सहसचिव, शिव सारथी को जिला कोषाध्यक्ष तथा राजेन्द्र सारथी, मंगल सोनवानी और भोला सारथी को संगठन सचिव का दायित्व सौंपा गया। वहीं दीपक सोमबानी को भी जिला उपाध्यक्ष (राजेन्द्र नगर) नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बल्लू नरेश सारथी ने अपने संबोधन में कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने समाज के सभी वरिष्ठजनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार, युवाओं को नेतृत्व के अवसर, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सामाजिक समरसता तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सहयोग को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। संगठन नियमित रूप से सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करेगा, ताकि नई पीढ़ी समाज की परंपराओं और मूल्यों से जुड़ी रहे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समर्पित भाव से कार्य करते हुए समाजहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।



