HomeCrimeलोकल ट्रेन में खूनी खेल: लोकल ट्रेन में सीट नहीं, दरवाजे को...

लोकल ट्रेन में खूनी खेल: लोकल ट्रेन में सीट नहीं, दरवाजे को लेकर विवाद बना जानलेवा: चाकू हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत

मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने मंगलवार रात भयावह रूप ले लिया। पश्चिम रेलवे की चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के प्रथम श्रेणी डिब्बे में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए झगड़े के दौरान 22 वर्षीय युवक मयंक लोहार पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रेलवे पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के कारण लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ थी। मयंक लोहार चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सफर कर रहा था। ट्रेन अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच थी, तभी डिब्बे का दरवाजा बंद करने को लेकर उसका एक सहयात्री से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से चाकू निकालकर मयंक के पेट में वार कर दिया।
बोरीवली पहुंचते ही आरोपी हुआ फरार
घटना के बाद ट्रेन रात करीब 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल मयंक को स्ट्रेचर की मदद से ट्रेन से बाहर निकाला गया और स्टेशन के आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की सलाह पर मयंक को रात 11:42 बजे एम्बुलेंस से कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि ट्रेन के बोरीवली पहुंचते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। घायल यात्री को जल्द से जल्द उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां सक्रिय रहीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) और वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त ने भी बोरीवली स्टेशन पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे पुलिस के अनुसार, स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पहचान कर ली गई है। डिब्बे में मौजूद यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
अंधेरी से चढ़ा था मयंक
पुलिस के अनुसार, चर्चगेट से रात लगभग 10:05 बजे रवाना हुई फास्ट लोकल 10:42 बजे अंधेरी स्टेशन पहुंची, जहां मयंक लोहार प्रथम श्रेणी डिब्बे में सवार हुआ था। अंधेरी और बोरीवली के बीच सफर के दौरान ही विवाद हुआ और आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़, तनावपूर्ण परिस्थितियों और सुरक्षा जांच की सीमाओं के बीच एक यात्री के पास चाकू होना और उसका इस्तेमाल कर हत्या कर देना चिंताजनक माना जा रहा है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments