Monday, May 18, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशवैश्विक हालात के बीच उन्नाव प्रशासन अलर्ट, ज्वेलर्स संग बैठक में जमाखोरी...

वैश्विक हालात के बीच उन्नाव प्रशासन अलर्ट, ज्वेलर्स संग बैठक में जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के ज्वेलर्स और सर्राफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना था। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से मानवता और जिम्मेदारी का परिचय देने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन बाजार की सभी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने ज्वेलर्स को केवल आवश्यकता के अनुसार ही सोने की खरीद-बिक्री करने, जमाखोरी और कालाबाजारी से बचने तथा अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात को देखते हुए सर्राफा व्यवसायियों को खरा सोना, फ्रेश गोल्ड और बुलियन की अनावश्यक खरीद से बचना चाहिए तथा ग्राहकों को पुराने आभूषणों को रीसायकल कर उपयोग में लाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने आभूषणों के बदले नए आभूषण खरीदने पर मेकिंग चार्ज में राहत देने पर विचार किया जा सकता है। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने सभी ज्वेलर्स को अपने प्रतिष्ठानों में विजिटिंग रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। इस बैठक में राज्य कर विभाग के जीएसटी उपायुक्त पंकज कुमार, कुलदीप, दिनेश सिंह, सहायक आयुक्त प्रशांत कुमार द्विवेदी, शैलेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सर्राफा व्यापारियों की ओर से नीलम ज्वेलर्स के राजेश कुमार, कमल ज्वेलर्स के कमल वर्मा, सुरेंद्र कुमार वर्मा (बाबा), सौरभ वर्मा, देवकांत जौहरी, मंगलम ज्वेलर्स के विजय शंकर और वसुंधरा ज्वेलर्स के आदर्श शुक्ला समेत अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ज्वेलर्स ने राष्ट्रहित में एकजुटता दिखाते हुए प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करने का भरोसा दिलाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments