
मुंबई। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को खारघर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से भारत के टेक्सटाइल और फैशन उद्योग के भविष्य को लेकर संवाद किया और युवाओं से रोजगार के अवसर बढ़ाने, निर्यात को बढ़ावा देने तथा देश की समृद्ध टेक्सटाइल और हैंडलूम विरासत को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर डेवलपमेंट कमिश्नर (हैंडलूम) डॉ. एम. बीना (IAS) और टेक्सटाइल कमिश्नर वृंदा मनोहर देसाई (IRS) भी मौजूद रहीं।
रोजगार और निर्यात बढ़ाने पर जोर
छात्रों से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि टेक्सटाइल और फैशन क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर हैं। उन्होंने छात्रों से ऐसे नवाचार और व्यवसाय विकसित करने का आग्रह किया, जिससे देश में रोजगार के साथ-साथ निर्यात और विदेशी मुद्रा की आय भी बढ़ सके। उन्होंने भारत की पारंपरिक टेक्सटाइल और हैंडलूम विरासत को आधुनिक डिजाइन और तकनीक के माध्यम से वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। साथ ही पारंपरिक ज्ञान और कारीगरों-बुनकरों की कला को संरक्षित करते हुए उनके लिए आधुनिक अवसर पैदा करने की जरूरत बताई।
AI और नई तकनीक से बदलेगा फैशन उद्योग
केंद्रीय मंत्री ने फैशन और टेक्सटाइल उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ब्लॉकचेन और 3D प्रिंटिंग जैसी तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से रचनात्मकता और नवाचार को उद्योग की जरूरतों तथा व्यावसायिक समझ के साथ जोड़ने का आह्वान किया, ताकि भारतीय युवा डिजाइनर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने टेक्सटाइल क्षेत्र में सस्टेनेबिलिटी, मटीरियल इनोवेशन तथा प्राकृतिक और कम्पोजिट फाइबर के बढ़ते महत्व पर भी चर्चा की।
NIFT मुंबई में बुनकर सेवा केंद्र की नई सुविधा का उद्घाटन
दौरे के दौरान गिरिराज सिंह ने NIFT मुंबई कैंपस, प्लॉट-20, खारघर में स्थित बुनकर सेवा केंद्र (Weavers’ Service Centre), मुंबई की नई सुविधा का उद्घाटन भी किया। इस सुविधा का उद्देश्य देश के हैंडलूम और बुनकर समुदाय को मिलने वाली सहायता एवं सेवाओं को और मजबूत करना है।
युवा डिजाइनरों को मिलेगी उद्योग की बेहतर समझ
NIFT मुंबई के निदेशक प्रो. डॉ. अजीत कुमार खरे ने कहा कि छात्रों और सरकारी नेतृत्व के बीच सीधे संवाद से युवा डिजाइनरों को उद्योग के बदलते रुझानों, सरकारी नीतियों और उपलब्ध नए अवसरों को समझने में मदद मिलती है। केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान NIFT मुंबई की टीम को केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर मिला। इस दौरान टेक्सटाइल और फैशन क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता और सतत विकास को बढ़ावा देने में युवा डिजाइनरों की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

