
इंद्र यादव/मुंबई। भिवंडी शहर के डिंडिगढ़ पहाड़ी इलाके के शांतिनगर में घूमने आए पांच युवाओं पर कथित तौर पर बड़ी भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवाओं को उनके धर्म के आधार पर निशाना बनाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ युवा घूमने के लिए डिंडिगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे और पांच युवाओं को घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना के बाद इसे कथित तौर पर मॉब लिंचिंग जैसी घटना बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक स्थिति और हमले के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
अबु असीम आजमी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात
रविवार को समाजवादी पार्टी के विधायक अबु असीम आजमी ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए घायलों से मुलाकात की। आजमी नूर नोबल अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती युवाओं तथा उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। आजमी ने कहा कि ऐसी घटनाओं से इलाके में डर और दहशत का माहौल पैदा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी की कोशिश भिवंडी के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों से की तत्काल कार्रवाई की मांग
घायलों से मिलने के बाद अबु असीम आजमी भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री बरवे और एसएसपी श्री राठौड़ से मुलाकात कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। आजमी ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
क्रॉस शिकायत का भी आरोप
अबु असीम आजमी ने आरोप लगाया कि हमले में शामिल बताए जा रहे दूसरे पक्ष की ओर से क्रॉस कम्प्लेंट यानी जवाबी शिकायत भी दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले उन युवाओं पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस और सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर भिवंडी के अमन-चैन और भाईचारे को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका, हमले की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

