
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे मंत्रालय ने 238 एयर कंडीशंड (एसी) ईएमयू रेक के निर्माण को प्राथमिकता दी है। इन ट्रेनों का निर्माण भारतीय रेलवे की उत्पादन इकाइयों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (MUTP) के तहत विकसित हो रहे नए रेल बुनियादी ढांचे के अनुरूप समय पर रोलिंग स्टॉक उपलब्ध कराया जा सके। रेल मंत्रालय के अनुसार, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), चेन्नई में 120, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ), कपूरथला में 71 और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ), रायबरेली में 47 एसी ईएमयू रेक का निर्माण किया जाएगा। इस तरह कुल 238 नई एसी ईएमयू ट्रेनें तैयार की जाएंगी। रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों की खरीद को आरडीएसओ और आईसीएफ के मौजूदा एवं प्रमाणित डिजाइनों के आधार पर मंजूरी दी है, जिससे निर्माण और आपूर्ति की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। भारतीय रेलवे की ये उत्पादन इकाइयां पहले ही वंदे भारत, वंदे मेट्रो और आधुनिक एसी ईएमयू जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों के निर्माण में अपनी क्षमता साबित कर चुकी हैं।
रेल मंत्रालय के अनुसार, नई एसी ईएमयू ट्रेनों की आपूर्ति वर्ष 2027 से शुरू होने की संभावना है, जबकि सभी 238 रेक का निर्माण वर्ष 2030 तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे नए रेल बुनियादी ढांचे के शुरू होने और ट्रेनों की उपलब्धता के बीच का अंतर कम होगा तथा मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क की क्षमता और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

