
मुंबई। मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने पवई, ओशिवारा और दादर क्षेत्रों में 5 और 6 मई 2025 को चलाए गए तीन अलग-अलग अभियानों में कुल 5.80 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त करते हुए तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई आजाद मैदान यूनिट द्वारा पवई के साकी विहार रोड पर की गई, जहां एक संदिग्ध से 108 ग्राम मेफेड्रोन (MD) जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत 21.60 लाख रुपये आंकी गई। दूसरी कार्रवाई घाटकोपर यूनिट ने ओशिवारा क्षेत्र में की, जहां 2.040 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2.04 करोड़ रुपये है। तीसरी बड़ी कार्रवाई वर्ली यूनिट ने दादर कैटरिंग कॉलेज के पास की, जहां 3.550 किलोग्राम उच्च श्रेणी का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत 3.55 करोड़ रुपये है। इन मामलों में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि गिरफ्तार आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में लंबे समय से संलिप्त थे और शिक्षित युवा वर्ग के बीच इन उच्च गुणवत्ता वाले नशों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस सफल अभियान का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र दहीफले (आजाद मैदान यूनिट), अनिल ढोले (घाटकोपर यूनिट) और संतोष सालुंके (वर्ली यूनिट) ने किया।




