
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने डिजिटल जनगणना-2027 के तहत ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ (स्व-गणना) प्रक्रिया पूरी कर नागरिकों से इस महा-अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपना विवरण दर्ज कर सफलतापूर्वक फॉर्म सबमिट किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल जनगणना आधुनिक, सरल और समय बचाने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि नागरिक मात्र दो मिनट में 32 प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जनगणना की औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। यह विशेष अभियान 7 मई से 21 मई तक संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत लोग स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जनपद में स्व-गणना में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान, शिविर और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने समाज के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि नागरिकों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल माध्यम से डेटा प्राप्त होने पर भविष्य में क्षेत्रीय गणना की निर्भरता कम होगी और आंकड़े अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र से लेकर पंचायत स्तर तक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मास्टर एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिला और तहसील स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीक और जनसहभागिता के माध्यम से डिजिटल जनगणना-2027 एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करेगी। इस अवसर पर तहसीलदार विवेक कुमार, सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




