
मुंबई। महाराष्ट्र में वर्ष 2023 के नए लोकायुक्त अधिनियम के तहत गठित लोकायुक्त संस्था को चार नए सदस्य मिल गए हैं। शुक्रवार को मुंबई स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने दो न्यायिक और दो गैर-न्यायिक सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सबसे पहले मुंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुरेंद्र पंढरीनाथ तावडे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके बाद सेवानिवृत्त मुख्य जिला न्यायाधीश सुवर्णा किशोर केवले को दूसरे न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त, सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश गुप्ता तथा महाराष्ट्र की पूर्व पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला ने गैर-न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्य सरकार के अनुसार, सभी नवनियुक्त सदस्यों का कार्यकाल पांच वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा। शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकायुक्त न्यायमूर्ति विद्यासागर कानडे, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे द्वारा नवनियुक्त सदस्यों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पढ़कर सुनाने से हुई। इसके बाद राज्यपाल ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रगान और महाराष्ट्र राज्यगीत के गायन से हुआ, जबकि समापन भी ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ किया गया। समारोह के अंत में राज्यपाल के निर्देशानुसार सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को उनकी नियुक्ति संबंधी आधिकारिक अधिसूचना भी प्रदान की।

