Friday, May 8, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमहाराष्ट्र एसएससी (10वीं) परीक्षा परिणाम घोषित, 92.09 प्रतिशत विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण

महाराष्ट्र एसएससी (10वीं) परीक्षा परिणाम घोषित, 92.09 प्रतिशत विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित माध्यमिक शालांत प्रमाणपत्र (कक्षा 10वीं) परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष राज्य का कुल परिणाम 92.09 प्रतिशत रहा। दादाजी भुसे ने सफल विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री दादाजी भुसे ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। एक परीक्षा का परिणाम जीवन और प्रतिभा का अंतिम मापदंड नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से दोबारा प्रयास करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है और पुनर्परीक्षा की सुविधा उपलब्ध है।
15 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
राज्य के पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, कोल्हापुर, अमरावती, नाशिक, लातूर और कोकण इन नौ विभागीय मंडलों से कुल 15 लाख 55 हजार 26 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 15 लाख 42 हजार 472 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 14 लाख 20 हजार 486 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर
इस वर्ष भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। परीक्षा में शामिल 8 लाख 20 हजार 427 लड़कों में से 7 लाख 34 हजार 814 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे उनका परिणाम 89.56 प्रतिशत रहा। वहीं 7 लाख 22 हजार 45 लड़कियों में से 6 लाख 85 हजार 672 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं और उनका परिणाम 94.96 प्रतिशत रहा। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों से 5.40 प्रतिशत अधिक रहा।
कोकण विभाग रहा सबसे आगे
विभागवार परिणामों में कोकण विभाग ने 97.62 प्रतिशत परिणाम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं सबसे कम परिणाम छत्रपति संभाजीनगर विभाग का 88.41 प्रतिशत रहा। अन्य विभागों में कोल्हापुर का परिणाम 95.47 प्रतिशत, मुंबई 94.97 प्रतिशत, पुणे 94.24 प्रतिशत, नाशिक 90.53 प्रतिशत, अमरावती 90.50 प्रतिशत, नागपुर 89.07 प्रतिशत तथा लातूर का परिणाम 88.42 प्रतिशत रहा।
श्रेणीवार परिणाम
कुल उत्तीर्ण विद्यार्थियों में 27.41 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्राविण्य सहित प्रथम श्रेणी प्राप्त की। प्रथम श्रेणी में 31.26 प्रतिशत, द्वितीय श्रेणी में 24.66 प्रतिशत तथा उत्तीर्ण श्रेणी में 8.75 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए।
श्रेणी सुधार योजना की सुविधा
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जानकारी दी है कि परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी श्रेणी या अंक सुधार योजना के तहत आगामी तीन परीक्षाओं में पुनः शामिल हो सकेंगे। फरवरी-मार्च 2026 परीक्षा में सभी विषयों में उत्तीर्ण विद्यार्थी जून-जुलाई 2026, फरवरी-मार्च 2027 और जून-जुलाई 2027 की परीक्षाओं में श्रेणी सुधार या अंक सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments