
अवैध वसूली ना हो अल्ट्रासाउंड में जानकारी सब है: अपर्णा यादव
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। राज्य महिला आयोग की सदस्य अपर्णा यादव ने गुरुवार को उन्नाव जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और महिला स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को 15 से 20 दिन बाद की तारीख दिए जाने का मामला प्रमुखता से सामने आया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अपर्णा यादव ने कहा कि अल्ट्रासाउंड जांच में देरी की शिकायत पहले भी उनके संज्ञान में आ चुकी है। इस संबंध में पूर्व में भी निर्देश दिए गए थे कि महिलाओं को अनावश्यक रूप से लंबी तारीखें न दी जाएं। उन्होंने बताया कि मामले की विशेष जांच भी कराई गई थी, ताकि मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों का सहारा न लेना पड़े। उन्होंने स्वीकार किया कि जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव अधिक है, जबकि अल्ट्रासाउंड मशीनों और विशेषज्ञों की संख्या पर्याप्त नहीं है। समस्या के समाधान के लिए शासन को अतिरिक्त अल्ट्रासाउंड मशीन और सोनोग्राफर उपलब्ध कराने संबंधी पत्र भेजा गया है। उनका कहना था कि विशेषज्ञों की संख्या बढ़ने से अधिक मरीजों की जांच सरकारी अस्पताल में ही हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने अस्पताल में हुए सुधार कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने बताया कि पिछली बार निरीक्षण में अस्पताल परिसर में रोशनी की कमी और शौचालयों की खराब स्थिति सामने आई थी, लेकिन इस बार प्रकाश व्यवस्था बेहतर मिली और वार्डों के शौचालयों में मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेजी से होता दिखाई दिया। इस दौरान उन्होंने महिला चौपाल कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिलना चाहिए। जनप्रतिनिधियों और समाज से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को चौपाल और सार्वजनिक मंचों पर बोलने का पर्याप्त मौका दिया जाए, ताकि वे बिना किसी डर या सामाजिक दबाव के अपनी समस्याएं सामने रख सकें। अपर्णा यादव ने कहा कि कई महिलाएं उपहास और आलोचना के डर से अपनी बात नहीं रख पातीं, इसलिए ऐसा माहौल बनाना जरूरी है, जहां वे स्वतंत्र रूप से अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित बच्चों के कार्यक्रम और महिला चौपाल की भी सराहना की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला आयोग की सदस्य को अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। अपर्णा यादव ने भरोसा दिलाया कि महिला स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।




