
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब नासिक से ठाणे आ रहे वाहनों का नितिन कंपनी फ्लाईओवर से उतरते समय आपस में टकराव हो गया। हादसे में कुल छह वाहन आपस में भिड़ गए, जिसमें एक टेम्पो चालक घायल हो गया। ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार यह दुर्घटना दोपहर करीब 1:47 बजे नितिन ब्रिज के पास, टाटा मोटर्स शोरूम के सामने, नासिक-मुंबई रोड पर हुई। फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय वाहनों के नियंत्रण खोने से यह श्रृंखलाबद्ध टक्कर हुई। घटना में घायल टेम्पो चालक की पहचान शेख शब्बीर महमूद (22) के रूप में हुई है, जिसे बाएं हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार के लिए ठाणे जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में टाटा इंडिका वी-20 टेम्पो, महिंद्रा वीरो टेम्पो, Hyundai Grand i10 और Maruti Suzuki Ertiga समेत कई वाहन शामिल थे। दुर्घटना में कम से कम दो वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, नौपाड़ा पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करने का काम किया गया। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




