
इंद्र यादव/पालघर। जन्मदिन का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब केक खाने के बाद 11 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल विजयलक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है।जानकारी के अनुसार, नालासोपारा की नीलकंठेश्वर बिल्डिंग में आयोजित जन्मदिन समारोह के लिए चामुंडा डेयरी की केक शॉप से केक मंगवाया गया था। केक खाने के कुछ ही देर बाद कई लोगों को उल्टी, जी मिचलाना और तेज सिरदर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे।अस्पताल की डायरेक्टर डॉ. विद्या सावंत ने बताया कि कुल 11 मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य मरीजों का इलाज सामान्य वार्ड में चल रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।घटना को लेकर सबसे बड़ा दावा यह सामने आया है कि केक में मरी हुई छिपकली मिली थी। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए एफडीए और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुट गए हैं। केक के नमूने जांच के लिए भेजे जा सकते हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लोगों की तबीयत खराब होने की वजह केक में किसी प्रकार का दूषण था या कोई अन्य कारण।घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

