
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जनगणना 2027 के तहत चल रहे स्व-गणना अभियान को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर अभियान की प्रगति और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना कार्यक्रम 7 मई से शुरू हो चुका है और यह 21 मई तक जारी रहेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए लगभग 7500 प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है, ताकि नागरिक स्वयं और अपने परिवार का ऑनलाइन पंजीकरण कर सकें।उन्होंने कहा कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न वर्गों को जोड़ा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, किसानों, शिक्षकों, चिकित्सा कर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा समाज के अन्य वर्गों के लिए अलग-अलग थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मीडिया कर्मियों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण देकर पंचायत भवनों में ग्रामवासियों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के सभापति, वार्ड पार्षद, टैक्स कलेक्टर और अन्य कर्मचारियों को अभियान से जोड़ा गया है।प्रचार-प्रसार के लिए नगर निकायों के वाहनों में ऑडियो क्लिपिंग्स चलाई जा रही हैं। इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री लगाई गई है, ताकि अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कहा कि प्रशासन इस अभियान को महाअभियान के रूप में चला रहा है, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के “हर व्यक्ति को जोड़ने” के संकल्प को साकार करना है।




