Homeउत्तर प्रदेशआईआईटी में चयन से सार्थक ने बढ़ाया गहोई समाज और झांसी का...

आईआईटी में चयन से सार्थक ने बढ़ाया गहोई समाज और झांसी का मान, संघर्ष सेवा समिति एवं गहोई वैश्य पंचायत ने किया अभिनंदन

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झाँसी, उत्तर प्रदेश। प्रतिभा जब परिश्रम का हाथ थाम लेती है तो सफलता स्वयं उसके चरण चूमने लगती है। जनपद के होनहार छात्र सार्थक गुप्ता ने प्रतिष्ठित जेईई एडवांस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आईआईटी बीएचयू (बनारस हिंदू विश्वविद्यालय) के आर्किटेक्चर विभाग में प्रवेश प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि समूचे गहोई वैश्य समाज एवं झाँसी जनपद का गौरव बढ़ाया है। सार्थक की अखिल भारतीय रैंक 3620 रही। सार्थक गुप्ता, अभय गुप्ता के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर श्री गहोई वैश्य पंचायत एवं संघर्ष सेवा समिति द्वारा संयुक्त रूप से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में सार्थक का तिलक, माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर गहोई समाज के वरिष्ठजनों एवं संघर्ष सेवा समिति के पदाधिकारियों ने सार्थक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं समाज की अमूल्य धरोहर होती हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सार्थक जैसे प्रतिभाशाली बच्चे केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण गहोई समाज और झांसी की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। आज के युवा यदि लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और निरंतर परिश्रम करें तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। सार्थक की उपलब्धि समाज के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का दीपक है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में अपनी प्रतिभा से देश और समाज का नाम और अधिक गौरवान्वित करेगा। कार्यक्रम में संघर्ष सेवा समिति की ओर से श्री राम बाथम, राजू रायकवार, रघुवीर साहू, सुनीता साहू, यशवंत राव एडवोकेट, राकेश अहिरवार, सुशांत गुप्ता, अनुज प्रताप सिंह, संदीप नामदेव, अंजली विश्वकर्मा, राजू सेन, सिद्धांत गुप्ता, बसंत गुप्ता, मुन्ना मास्टर एवं मोहित लक्षकार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। वहीं श्री गहोई वैश्य पंचायत की ओर से निवर्तमान अध्यक्ष एवं संरक्षक प्रकाश नगरिया, संजू डेंगरे, संजीव सेठ, नीरज नागर, कुंविहार सांवला एवं प्रदीप नगरिया ने उपस्थित होकर सार्थक को शुभाशीष प्रदान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments